शिवपुरी। बदरवास कस्बे में गुरुवार दोपहर एक ज्वेलरी कारोबारी ने अपने घर में खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उन्हें गुना डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय संदीप सोनी पिता जगदीश सोनी, जो ज्वेलरी की दुकान संचालित करते थे, ने दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच अपने घर में पिस्टल से खुद को गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़ने पर संदीप खून से लथपथ हालत में मिले। उन्हें तुरंत बदरवास स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति के चलते गुना रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस पिस्टल से गोली चलाई गई, वह अवैध बताई जा रही है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूत्रों के अनुसार, संदीप सोनी के इंडियन प्रीमियर लीग सट्टे में बड़ी रकम गंवाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बदरवास थाना प्रभारी शिखा तिवारी ने बताया कि परिजन उन्हें इलाज के लिए गुना ले गए थे। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है और आत्मघाती कदम के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







Be First to Comment