शिवपुरी कोतवाली थाना पुलिस ने नकबजनी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत के पीतल के बर्तन जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को फरियादी अभिनव भटनागर (41) निवासी न्यू दर्पण कॉलोनी ने चतुर्भुज हॉस्पिटल के पास स्थित ध्यान केंद्र से मिक्सर, एलईडी टीवी, साउंड सिस्टम सहित अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर कोतवाली थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में टीआई रोहित दुबे के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति व्हीटीपी स्कूल के पास चोरी का सामान बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धर्मेन्द्र कुशवाह (27) निवासी सलोदा थाना पोहरी, हाल मनियर शिवपुरी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से पीतल की गणेश मूर्ति, थालियां, कटोरियां, आरती स्टैंड सहित अन्य सामान मिला। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से करीब 40 हजार रुपये कीमत का चोरी गया माल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र परिहार, भगवत चतुर्वेदी, योगेश राठौर, शैतान सिंह, आरक्षक राहुल कुमार और महेन्द्र तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








Be First to Comment