शिवपुरी: नरवर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 18 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी त्रिलोक कुशवाह (47 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 02, नरवर ने 22 अप्रैल को अपने घर से चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 74/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले और एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में टीम ने तेजी से कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी शिवराज उर्फ छोटू तोमर (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल की, जिसके बाद उसके कब्जे से चांदी की तोड़िया (जेवर) बरामद कर ली गई।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनय यादव के नेतृत्व में पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नरवर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है और आमजन ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की है।







Be First to Comment