शिवपुरी। जिले में एक 20 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है, जहां आरोपी युवक युवती को बहला-फुसलाकर एक लॉज में ले गया और वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, फिजिकल थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता अपनी मां के साथ अमन गार्डन में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। इसी दौरान उसकी पहचान के युवक गौरव रावत (निवासी मुड़ेनी) ने उसे फोन कर बाहर बुलाया। उसके साथ शिवम रावत (निवासी ककरवाया) भी मौजूद था।
दोनों आरोपी युवती को बाइक पर बैठाकर पोहरी चौराहा स्थित एक लॉज में ले गए, जहां मुख्य आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया, जबकि दूसरा आरोपी बाहर इंतजार करता रहा।
घटना के दौरान युवती की हालत बिगड़ गई और उसे अत्यधिक ब्लीडिंग होने लगी। इसके बाद आरोपी उसे वापस शादी स्थल के पास छोड़कर फरार हो गए। परिजन युवती को तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद दुष्कर्म की पुष्टि हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
रात करीब 3:30 बजे पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। देहात थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव रावत के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया और शिवम रावत को सह-आरोपी बनाया।
थाना प्रभारी विकास यादव के अनुसार, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।







Be First to Comment