शिवपुरी। जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के अपहरण के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपा है। पीड़ित परिवार ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बांकाकर (थाना मायापुर) निवासी परिवार की नाबालिग बेटी को गांव के ही कुछ युवकों द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया। आरोप है कि 2 मार्च 2025 को आरोपी उसे अपने साथ ले गए, जहां उसके साथ गंभीर अपराध किया गया। इसके बाद 16 अप्रैल 2026 को उसकी हत्या कर शव को जला देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित पिता का कहना है कि आरोपियों द्वारा पहले से ही उसकी बेटी पर गलत नजर रखी जा रही थी और घटना के दिन उसे जबरन अपने साथ ले जाया गया। मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया और पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।







Be First to Comment