शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने गेहूं उपार्जन व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि वर्तमान में जिले में गेहूं उपार्जन का कार्य जारी है, ऐसे में एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार स्वयं उपार्जन केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और कहीं भी अव्यवस्था मिलने पर तुरंत समाधान सुनिश्चित करें।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि उपार्जन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए छाया और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
निर्देशों के पालन में जिले के सभी राजस्व अधिकारी उपार्जन केंद्रों पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान बारदाना, परिवहन व्यवस्था, एसएमएस के माध्यम से सूचना, स्लॉट बुकिंग आदि की समीक्षा की गई।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसानों से तौल के नाम पर कोई राशि न ली जाए और उपज की गुणवत्ता के साथ निर्धारित वजन का ही पालन हो।
नोडल अधिकारी नियुक्त
जिले में कुल 45 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों की सतत निगरानी के लिए कलेक्टर द्वारा नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है।











Be First to Comment