Press "Enter" to skip to content

खनियाधाना में पोषण पखवाड़ा का भव्य शुभारंभ: पहले 6 वर्षों में बच्चों के मस्तिष्क विकास पर रहेगा विशेष फोकस / Shivpuri News

खनियाधाना। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा खनियाधाना में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ बड़े उत्साह के साथ किया गया। यह कार्यक्रम शिवपुरी कलेक्टर रविंद्र चौधरी के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र सिंह जादौन के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद पंचायत खनियाधाना की अध्यक्षा अनीता अरविन्द लोधी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। यह पोषण पखवाड़ा आज से 23 अप्रैल तक संचालित होगा। इस वर्ष यह 8वीं बार आयोजित किया जा रहा है, जिसकी थीम “जीवन के पहले 6 वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास” रखी गई है।

कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

इस अवसर पर सीईओ जनपद पंचायत मोगराज मीणा ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी को मिलकर बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने प्रत्येक बच्चे के दस्तावेज बनवाने एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के सुचारू संचालन के निर्देश भी दिए।

वहीं बीआरसीसी संजय भदौरिया ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के जीवन निर्माण की नींव हैं और हर बच्चे का चिन्हांकन कर शिक्षा से जोड़ना आवश्यक है।

परियोजना अधिकारी प्रियंका बुनकर ने पोषण पखवाड़ा के उद्देश्य एवं इसकी महत्वता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस अभियान के माध्यम से शासन की पोषण संबंधी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।

कार्यक्रम में सुपरवाइजर जरीना खान, शांति इक्का, सुनीता सूत्रकार, वर्षा जैन, रंजना उपाध्याय एवं वैशाली राणा सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग, एनआरएलएम एवं पीएचई विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पोषण प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें टीएचआर से बने पौष्टिक व्यंजनों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!