Press "Enter" to skip to content

ऊर्जा मंत्री के साथ बिजली कर्मचारी महासंघ की बैठक संपन्न, मांगों पर जल्द निर्णय के संकेत

भोपाल। मध्य प्रदेश बिजली कर्मचारी महासंघ (भारतीय मजदूर संघ संबद्ध) के प्रतिनिधिमंडल की प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री जितेंद्र श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में महासंघ द्वारा प्रस्तुत 11 सूत्रीय मांगपत्र पर गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ। प्रमुख मांगों में संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, संयंत्र सहायकों की 25,300 रुपए वेतन विसंगति, पूर्व क्षेत्र में अनुकंपा नियुक्ति, संविदा कार्यालय सहायकों को नियमित करना, पेंशनरों एवं सहकारी समिति कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान शामिल रहा।

बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी को निर्देश दिए कि 16 अप्रैल 2026 से पूर्व ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव नीरज मंडलोई के साथ एक विस्तृत बैठक आयोजित की जाए। इस बैठक में सभी मुद्दों के समाधान पर दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक चर्चा कर निर्णय लेने की बात कही गई।

प्रतिनिधिमंडल में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री अरविंद मिश्रा, प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर, संयुक्त महामंत्री आशीष सिंह, महासंघ के प्रदेश महामंत्री सुशील कुमार पांडे सहित विभिन्न क्षेत्रों और कंपनियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में महासंघ के प्रदेश महामंत्री सुशील कुमार पांडे ने मांगपत्र के सभी बिंदुओं का विस्तार से वाचन किया, जिस पर मंत्री द्वारा सकारात्मक रुख अपनाया गया।

महासंघ ने उम्मीद जताई है कि अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा के साथ प्रस्तावित बैठक में ठोस और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

उल्लेखनीय है कि बिजली कर्मचारी महासंघ का प्रदेशव्यापी आंदोलन जारी है, जिसके तहत चौथे चरण में 16 अप्रैल 2026 को गोविंदपुरा, भोपाल में प्रदेशभर के विद्युत कर्मचारी धरना-प्रदर्शन करेंगे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!