शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग अंतर्गत गोवर्धन थाना क्षेत्र के ग्राम धौरिया में तालाब में नहाते समय एक मासूम बच्चे की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम धौरिया के तालाब में तीन दोस्त खेलते-खेलते नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान 8 वर्षीय बाबू धाकड़ अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उसे बाहर निकालने की कोशिश की और कड़ी मशक्कत के बाद तालाब से बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर गोवर्धन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैराड़ ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बाबू धाकड़ पुत्र भूरा उर्फ गजानंद धाकड़, उम्र 8 वर्ष, निवासी ग्राम धौरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment