शिवपुरी जिले के फतेहपुर क्षेत्र से साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित रामसिंह जाटव (पिता—उमेद जाटव), निवासी बील के होटल फतेहपुर ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि अज्ञात आरोपियों ने उसे अश्लील वीडियो देखने के नाम पर डराकर 4500 रुपए ठग लिए।
आवेदन के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को आरोपी ने मोबाइल नंबर 9208307204 से कॉल कर पीड़ित को धमकाया कि वह अश्लील वीडियो देख रहा है और उसके खिलाफ भोपाल में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। आरोपी ने मामला दबाने के नाम पर 4500 रुपए की मांग की। डर के कारण पीड़ित ने बताए गए माध्यम से रुपए ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद अन्य नंबरों—6390693788 और 9368261252 से भी कॉल आने लगे, जहां खुद को सरकारी वकील बताकर 7000 रुपए की और मांग की गई। आरोपी ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए तो 5 साल की सजा और 3 लाख रुपए जुर्माना लगेगा।
पीड़ित ने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है और इस घटना के बाद से वह और उसका परिवार काफी डरे हुए हैं। उसने पुलिस से मांग की है कि संबंधित मोबाइल नंबरों को ट्रेस कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उसके 4500 रुपए वापस दिलाए जाएं।
पुलिस से मामले में जल्द जांच कर कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है। यह घटना एक बार फिर साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों को उजागर करती है, जिनसे आम लोग खासकर ग्रामीण और मजदूर वर्ग आसानी से शिकार बन रहे हैं।







Be First to Comment