शिवपुरी जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
पहला हादसा (एनएच-46, सुमेला रेलवे ब्रिज – बदरवास):
बुधवार सुबह बदरवास थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर सुमेला रेलवे ब्रिज के पास एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार जुबेर अहमद, एहराज अहमद और जमाल खान घायल हो गए। तीनों उत्तरप्रदेश के डुमरियागंज के निवासी हैं और महाराष्ट्र के पुणे जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि चालक एहराज अहमद को नींद का झोंका आने से वाहन अनियंत्रित हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और घायलों को बदरवास स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
दूसरा हादसा (सुनारी तिराहा – करैरा रोड):
मंगलवार शाम करैरा थाना क्षेत्र के करही-करैरा रोड स्थित सुनारी तिराहा के पास तेज रफ्तार डंपर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा पलट गया।
इस हादसे में मंगुआ खटीक (निवासी इटावा, यूपी) डंपर के पहिए के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक गांव-गांव घूमकर बाल खरीदने का काम करता था।
हादसे में ई-रिक्शा चालक जसवंत कुशवाह (50) निवासी चकरामपुर और राधेश्याम माली निवासी धौर्रा (ललितपुर) घायल हो गए, जिन्हें करैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी विनोद छावई के अनुसार, डंपर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(ए), 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों मामलों की जांच जारी है।









Be First to Comment