शिवपुरी की कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2900 रुपये नगद एवं सट्टा सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई मटका पार्क क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने दीपक जाटव (27 वर्ष) निवासी ठकुरपुरा को गिरफ्तार किया। उसके पास से 950 रुपये नगद, सट्टा पर्ची एवं पेन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने सट्टा अपने भाई बंटी जाटव के लिए लेना स्वीकार किया।
दूसरी कार्रवाई पोलो ग्राउंड क्षेत्र में हुई, जहां सत्यम राठौर (24 वर्ष) निवासी नवाब साहब रोड, शिवपुरी को पकड़ा गया। उसके पास से 550 रुपये एवं सट्टा पर्ची जब्त की गई।
तीसरी कार्रवाई गांधी पार्क क्षेत्र में की गई, जहां बलराम कुशवाह (56 वर्ष) निवासी जवाहर कॉलोनी, शिवपुरी को गिरफ्तार कर 1400 रुपये एवं सट्टा सामग्री बरामद की गई।
तीनों आरोपियों के खिलाफ सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।







Be First to Comment