शिवपुरी: जिले में एक महिला ने शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी, दहेज की मांग, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार,राधा जाटव की सगाई करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अर्जुन जाटव निवासी बुढी बरखेड़ा (थाना सरवाया) के साथ हुई थी। आरोप है कि सगाई के बाद अर्जुन जाटव उसे बहला-फुसलाकर अपने पास ले गया और न्यायालय में कागजी कार्रवाई कर विवाह होने का दावा करते हुए साथ रखने लगा।
महिला का आरोप है कि इसके बाद अर्जुन जाटव और उसके परिवारजन—सास शारदा जाटव, ससुर जगन्नाथ जाटव, देवर अभिलाष जाटव व अन्य—द्वारा लगातार दहेज में नगद राशि, बाइक और अन्य सामान की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि वह तीन माह की गर्भवती थी, इस दौरान उसके साथ मारपीट कर गर्भपात करा दिया गया। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी अर्जुन जाटव ने दूसरी लड़की से सगाई कर ली है और अप्रैल 2026 में विवाह की तैयारी कर रहा है। विरोध करने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई कर न्याय दिलाने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।








Be First to Comment