शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में पुलिस ने होटल-ढाबा चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देशी रिवॉल्वर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना 30 मार्च 2026 की रात करीब 12 बजे की है। सिल्वर पार्क होटल के पास मैदान में चेकिंग के दौरान पुलिस को एक सफेद बोलेरो कार में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर एक युवक भाग निकला, जबकि दूसरे को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम सुगन यादव (21 वर्ष) निवासी पहाड़ा, थाना तेन्दुआ, जिला शिवपुरी बताया। तलाशी के दौरान कार की ड्राइवर सीट के पीछे कपड़े में लिपटी एक देशी रिवॉल्वर मिली, जिसके सिलेंडर में एक जिंदा कारतूस भरा हुआ था। आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
आरोपी ने अपने फरार साथी का नाम आकाश गुर्जर, निवासी बामौर, जिला मुरैना बताया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20 हजार रुपये कीमत की रिवॉल्वर और कारतूस के साथ-साथ लगभग 8 लाख रुपये कीमत की बोलेरो कार (MP 07 ZS 2697) जब्त की है।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।







Be First to Comment