शिवपुरी। स्थानीय सेंट लुईस पब्लिक स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों को सीखने का प्रमुख स्थान होता है। उन्होंने सेंट लुईस स्कूल को अपने हृदय के अत्यंत निकट बताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री नवनीत सेन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि शिवपुरी के खिलाड़ी आज खेल जगत में जिले का नाम रोशन कर रहे हैं, जो गर्व की बात है।
विशिष्ट अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री चंद्रशेखर बेमटे एवं पीटीआई श्री अजय बाथम ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए। श्री बाथम ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए शारीरिक विकास पर विशेष जोर दिया।
विद्यालय के प्राचार्य मुकुल श्रीवास ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह दिन विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कुमारी हर्षिता श्रीवास एवं मोक्ष शिवहरे द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती डिम्पल श्रीवास ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। सामूहिक राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।














Be First to Comment