शिवपुरी। जिले के ग्राम धुआनी (थाना सुरवाया) के ग्रामीणों द्वारा मां बलारी मैया के मेले के दौरान रास्ते में चल रहे भंडारे में मारपीट और लूट की गंभीर घटना सामने आई है। ग्रामीणों ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, 25 मार्च 2026 की रात 1 से 2 बजे के बीच भंडारे के दौरान रिंकू गुर्जर (पुत्र बल्लू गुर्जर) और सतीश गुर्जर (पुत्र खिल्लू गुर्जर) अपने 15-20 साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
घटना में आकाश धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया। साथ ही उनके गले से सोने की चेन छीन ली गई। आरोप है कि मुकेश धाकड़ के पास रखे भंडारे के करीब 30 हजार रुपये भी छीन लिए गए। इसके अलावा टेंट का सामान, 15 तेल की कट्टियां, डीजे लाइट और कुर्सियों में भी तोड़फोड़ कर लूटपाट की गई।
घटना के दौरान मौजूद लोगों में आकाश धाकड़, अवधेश धाकड़, मुकेश धाकड़, सतीश धाकड़, हरिओम धाकड़ सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे, जो भंडारे में प्रसाद वितरण कर रहे थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद जब वे थाना सुरवाया रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे तो पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की और हरिओम धाकड़ के साथ मारपीट कर थाने से भगा दिया।
घायल आकाश धाकड़ को जिला चिकित्सालय शिवपुरी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने आवेदन में मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए और उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।







Be First to Comment