शिवपुरी। जिला प्रशासन, श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर में बाल हृदय रोगियों के उपचार के लिए विशेष पहल की गई। शिविर में जन्मजात हृदय विकृति (दिल में छेद) से पीड़ित बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण किया गया।
शिविर के दौरान शिवपुरी एवं गुना जिले से कुल 78 बच्चों की जांच की गई, जिनमें से 42 बच्चों को सर्जरी हेतु चिन्हित किया गया है। इन बच्चों को 24 मार्च को अरविंदो हॉस्पिटल, भोपाल भेजा जाएगा, जहां उनका निःशुल्क उपचार और सर्जरी की जाएगी।
जांच एवं उपचार अरविंदो हॉस्पिटल के पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. पी. अग्रवाल एवं डॉ. ए. नगेले द्वारा किया गया। साथ ही भोपाल के अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों ने भी बच्चों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
इस दौरान करैरा तहसील के ग्राम सलैया निवासी सीताराम यादव ने अपनी नातिनी कु. रक्षा यादव का उपचार शिविर में कराया। उन्होंने बताया कि बच्ची के हृदय में छेद की समस्या है और विशेषज्ञों द्वारा जांच कर आगे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया। उन्होंने शिविर में मिली निःशुल्क सेवाओं के लिए प्रशासन का आभार जताया।








Be First to Comment