शिवपुरी। रोटरी हेल्थ मिशन कैम्प से आए 5 मरीजों का एसआरवीएस मेडिकल कॉलेज, शिवपुरी के अस्थिरोग विभाग में सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। इन सर्जरी में एक जटिल कुल्हा प्रत्यारोपण (हिप रिप्लेसमेंट) और एक घुटना प्रत्यारोपण (नी रिप्लेसमेंट) शामिल है।
ये जटिल सर्जरी डॉ. आर.के.एस. धाकड़ (डीन, ग्वालियर) एवं ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. पंकज शर्मा और उनकी टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गईं। कुल्हा प्रत्यारोपण में क्षतिग्रस्त हड्डी-जोड़ को कृत्रिम इम्प्लांट से बदला जाता है, जबकि घुटना प्रत्यारोपण में जोड़ की पूरी सतह बदलनी होती है, जो एक चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया मानी जाती है।
डॉ. धाकड़ ने बताया कि टीमवर्क और आधुनिक तकनीक की मदद से इन जटिल ऑपरेशनों को सफल बनाया गया, जिससे मरीजों को नई जिंदगी मिली। वहीं डॉ. पंकज शर्मा ने कहा कि हेल्थ कैम्प से चयनित मरीजों का त्वरित इलाज स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इन सफल सर्जरी के लिए डीन डॉ. डी. परमहंस एवं मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आशुतोष चौरिशी ने पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही भविष्य में भी इस तरह की जटिल सर्जरी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही।









Be First to Comment