शिवपुरी। बैराड़ थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए सोने की चेन व अंगूठी सहित करीब 2.25 लाख रुपये के जेवर बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, संदीप धाकड़ निवासी सहसराम (श्योपुर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 10-11 मार्च को अपने साले की शादी में बैराड़ आया था। इस दौरान अधिक शराब पीने के कारण वह माता रोड स्थित कलारी के पीछे सो गया, जहां अज्ञात चोर उसकी सोने की चेन व अंगूठी चोरी कर ले गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सोनू रावत और मंगल रावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए जेवर बरामद कर लिए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज होना सामने आया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना बैराड़ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।







Be First to Comment