शिवपुरी। जिले में ईद-उल-फितर का त्यौहार पारंपरिक सादगी, हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर में उत्साह का माहौल रहा, जहां बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने इबादत कर देश की खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।
शहर की जामा मस्जिद और झांसी रोड स्थित ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद शहर काजी द्वारा विशेष दुआ कराई गई, जिसमें देश में अमन, चैन और भाईचारे की कामना की गई। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ‘ईद मुबारक’ कहा।
त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहे। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।
ईद के मौके पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा ‘सौहार्द मिलन समारोह’ का आयोजन भी किया गया। इसमें पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनका स्वागत अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
इस अवसर पर विधायक कैलाश कुशवाह ने कहा कि शिवपुरी की पहचान हमेशा से आपसी प्रेम और सद्भाव रही है, जहां सभी धर्मों के लोग मिलकर त्यौहार मनाते हैं।
समारोह में उपस्थित धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों ने भी शहर की शांति और एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।







Be First to Comment