Press "Enter" to skip to content

गेहूं की थ्रेसिंग के दौरान दर्दनाक हादसा, थ्रेसर की चपेट में आने से युवक की मौत / Shivpuri News

शिवपुरी)। खनियाधाना क्षेत्र के ग्राम मुहारीकलां के मजरा खंडिया में गेहूं की थ्रेसिंग के दौरान एक हृदय विदारक हादसा सामने आया है। यहां कृषि कार्य करते समय एक 35 वर्षीय युवक थ्रेसर मशीन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक श्रीकांत लोधी (35 वर्ष) पुत्र वीरन लोधी निवासी मुहारीकलां माजरा खंडिया अपने खेत में गेहूं की फसल की थ्रेसिंग कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने या असावधानी के चलते वह थ्रेसर के बेहद करीब पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक मशीन के घूमते हिस्से की चपेट में आ गया। थ्रेसर की तेज गति के कारण उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी केदार सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल मशीन को बंद कर शव को बाहर निकलवाया और अपने कब्जे में लिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खनियाधाना भेजा गया, जहां प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
श्रीकांत लोधी की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें दो बेटियां और एक छोटा बेटा शामिल हैं। परिवार का मुख्य सहारा चले जाने से अब उनके सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

सावधानी की अपील
कृषि कार्य के दौरान थ्रेसर और अन्य मशीनों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है। ढीले कपड़े पहनने से बचें और मशीन के संचालन के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि इस प्रकार के हादसों से बचा जा सके।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!