शिवपुरी शहर के नीलगर चौराहा – सुभाष चौक क्षेत्र में मंगलवार रात एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कई लोगों को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार अमन चौहान (19) निवासी पुरानी शिवपुरी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने साथी अनस खान के साथ सुभाष पार्क से आइसक्रीम लेकर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान कटरा मोहल्ला की ओर से आई एक सफेद रंग की वैगनआर कार (क्रमांक MP33 C 6755) के चालक ने तेज व लापरवाही से वाहन चलाते हुए दोनों को टक्कर मार दी।
हादसे में अनस खान को कार चालक कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं अमन चौहान को भी हाथ, पैर, कंधे और कमर में चोटें आई हैं।
इसी दौरान पास में खड़े काजी समीउद्दीन और आशिफ शाह की मोटरसाइकिल को भी कार ने टक्कर मार दी, जिससे काजी समीउद्दीन के पैर में चोट आई और उनकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी ऋषभ कोठारी और नावेद खान ने भी पूरी घटना देखी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आशीष जोशी निवासी कोलारस बताया, जो घटना के समय नशे में धुत था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









Be First to Comment