शिवपुरी। शहर के भूत पुलिया क्षेत्र में रविवार देर रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। भूत पुलिया निवासी मुकेश पांडेय ने बताया कि रात करीब 2 बजे दो से तीन अज्ञात चोर उनके घर की दूसरी मंजिल पर पहुंच गए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी को आहट सुनाई दी, जिससे उनकी नींद खुल गई। उन्होंने तुरंत मुकेश पांडेय और बेटे को जगा दिया।
मुकेश पांडेय के अनुसार, जब वह अपने बेटे के साथ ऊपर पहुंचे तो चोर उन्हें देखकर छत से कूदकर भागने लगे। इस पर पिता-पुत्र ने उनका पीछा किया, लेकिन कुछ दूरी पर बाइकों पर खड़े उनके साथियों ने दोनों पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से घबराकर दोनों वापस घर लौट आए।
घटना के बाद परिवार ने दरवाजे अंदर से बंद कर अपनी जान बचाई और तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने फरियादी के साथ मिलकर चोरों की तलाश शुरू की। इस दौरान फक्कड़ कॉलोनी में चार बाइकें चालू हालत में खड़ी मिलीं, जिन्हें चोर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने चारों बाइकों को जब्त कर लिया है।
मामले की सूचना मिलने पर फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदोरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद की गई चारों बाइकें चोरी की हैं या आरोपियों की अपनी हैं।
चोरी की इस कोशिश और पथराव की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।








Be First to Comment