Press "Enter" to skip to content

बंधक बनाने की बात कहने के बाद युवक का शव मिला, हत्या की आशंका पर परिजनों ने किया चक्काजाम / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मनियर इलाके में रविवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ग्राम बरखेड़ा निवासी नेपाल शाक्य (30) पुत्र स्वर्गीय जगनू शाक्य के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पोहरी थाने के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

परिजनों के अनुसार नेपाल एक भूसा फैक्ट्री में काम करता था। मृतक के भाई सोनेराम शाक्य ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री मालिक के बेटे शिवम और राजू ने नेपाल पर चोरी का झूठा आरोप लगाया था। उनका कहना है कि घटना से पहले नेपाल ने फोन पर बताया था कि उसे बंधक बना लिया गया है और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री मालिक के बेटे और उसके साथियों ने नेपाल की हत्या कर शव को मनियर स्थित कमरे में लटका दिया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। इसी आशंका को लेकर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा पोहरी थाने के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली और पोहरी थाना पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!