शिवपुरी। शहर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना एसपी कोठी के सामने हुई, जहां एक बाइक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे किशोर ऋषभ रावत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच हुआ। ऑटो चालक ओमप्रकाश करन सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड से दो सवारियों को लेकर पोहरी बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। उनके साथ उनका परिचित हक्का खान भी ऑटो में बैठा था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही ऑटो एसपी कोठी के सामने पहुंचा, सामने से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। बाइक एक नाबालिग चला रहा था और उसके साथ एक अन्य युवक भी बैठा हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार और ऑटो में बैठे लोग घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद ऑटो चालक ओमप्रकाश करन घायल किशोर और हक्का खान को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने बाइक चला रहे नाबालिग ऋषभ रावत को मृत घोषित कर दिया।
मृतक ऋषभ रावत पुत्र सोबरन रावत मूल रूप से गहलोनी गांव का निवासी था। वह अपनी पढ़ाई के लिए माता-पिता के साथ शहर के नवाब साहब रोड स्थित चंद्रा कॉलोनी में रह रहा था। ऋषभ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment