Press "Enter" to skip to content

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के अधिकार और साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित / Shivpuri News

शिवपुरी: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम चिटौरा, ब्लॉक शिवपुरी के शासकीय हाई स्कूल में वसुधा विकास संस्थान द्वारा “महिलाओं और लड़कियों के लिए – अधिकार, समानता एवं सशक्तिकरण” विषय पर क्षेत्रीय स्तर का सलाह-मशविरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना तथा महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा, विशेषकर साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम में कुल 53 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 33 महिलाएं और 20 पुरुष शामिल रहे। प्रतिभागियों में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा समुदाय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के संवैधानिक अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समान अवसरों के विषय में विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा जैसे घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न, कार्यस्थल पर यौन शोषण, बाल विवाह और दहेज प्रथा से संबंधित जानकारी दी गई तथा इनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में साइबर क्राइम जागरूकता पर भी विशेष चर्चा की गई। प्रतिभागियों को सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले उत्पीड़न, फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग तथा फोटो-वीडियो के दुरुपयोग जैसे मामलों से सावधान रहने और मोबाइल व इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के तरीके बताए गए। साथ ही किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

इस अवसर पर समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 10 महिलाओं को वसुधा विकास संस्थान द्वारा शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, बाल विवाह एवं बाल मजदूरी रोकने तथा बच्चों में कुपोषण कम करने जैसे सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कार्यक्रम में श्रीमती निशा जाटव (सरपंच, चिटौरा), कृष्ण कुमार भार्गव (प्राचार्य), शिक्षिका माया कोटिया, विद्यालय के अन्य शिक्षक, आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ता तथा RSETI (SBI) टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन प्रदीप सिंह तोमर, परियोजना समन्वयक वसुधा विकास संस्थान, शिवपुरी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और समुदाय के लोगों में महिला अधिकारों तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए सामुदायिक भागीदारी पर जोर दिया गया।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!