शिवपुरी। इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर अब भारत के स्थानीय बाजारों में भी नजर आने लगा है। शिवपुरी में गैस कंपनियों द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर अघोषित रोक लगाए जाने से हड़कंप की स्थिति बन गई है। गैस एजेंसियों को नए ऑर्डर नहीं लेने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके चलते होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों और केटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ गई है।
शादी-विवाह के सीजन के बीच कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने से हलवाई और कैटरिंग संचालकों के सामने खाना बनाने की व्यवस्था को लेकर बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। कारोबारियों का कहना है कि यदि जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो शादी समारोहों की तैयारियों पर भी असर पड़ सकता है। छोटे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई भी आधी
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई भी लगभग आधी कर दी है। पहले जो सिलेंडर 16 दिन में बुक हो जाता था, अब उसकी बुकिंग अवधि बढ़ाकर करीब 25 दिन कर दी गई है। साथ ही गैस सिलेंडरों के दाम भी बढ़ने से उपभोक्ताओं को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाजार में बढ़ रही कालाबाजारी
कुछ होटल कारोबारियों का कहना है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। एक होटल संचालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एजेंसी पर सिलेंडर बुक नहीं हुआ, तो काम चलाने के लिए किसी घर से सिलेंडर लेना पड़ा, जिसके लिए 1500 रुपये तक देने पड़े। गैस नहीं मिलने से कई छोटे होटल और ढाबे बंद होने की स्थिति में पहुंच रहे हैं।
क्या कहते हैं एजेंसी संचालक
गंगाचल गैस एजेंसी के संचालक राकेश शर्मा के अनुसार, गैस कंपनियों ने पिछले कुछ दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद कर दी है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। सप्लाई कब तक बहाल होगी, इस बारे में फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं है।
ईश्वर इंडेन गैस एजेंसी के प्रतिनिधि गोलू का कहना है कि सप्लाई बंद होने के कारण कमर्शियल सिलेंडरों की बुकिंग नहीं ली जा रही है। घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई भी आधी कर दी गई है और बुकिंग का समय भी बढ़ा दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
होटल संचालकों की चिंता
कृष्णा होटल के संचालक संजीव भटेले का कहना है कि फिलहाल गैस सिलेंडर मिल रहे हैं, लेकिन यदि सप्लाई इसी तरह बंद रही तो आने वाले दिनों में परेशानी बढ़ना तय है। वहीं सांवरिया दाल टिक्कड़ के संचालक ध्रुव शर्मा ने बताया कि उन्हें आज गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया, जिससे कामकाज प्रभावित हो रहा है। फिलहाल व्यवस्था हो गई है, लेकिन आगे समस्या और बढ़ सकती है।










Be First to Comment