Press "Enter" to skip to content

पोहरी मंडी में तोल घोटाले पर किसानों का हंगामा, एसडीएम पहुंचे मौके पर, व्यापारी का कांटा जब्त / Shivpuri News

शिवपुरी: पोहरी कृषि उपज मंडी में शनिवार को किसानों ने जमकर हंगामा कर दिया। हंगामा उस समय हुआ जब एक व्यापारी द्वारा किसानों की उपज की तुलाई में अपने कांटे से प्रति बोरी करीब 2 से ढाई किलो तक की गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगा। किसानों ने इसकी शिकायत मंडी कर्मचारियों को दी और मंडल अध्यक्ष आशुतोष जैमनी को भी मामले से अवगत कराया।

सूचना मिलते ही मंडी कर्मचारियों ने तत्काल एसडीएम अनुपम शर्मा को जानकारी दी। सूचना मिलने पर एसडीएम अनुपम शर्मा मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर पूरी स्थिति की जानकारी ली। जांच के दौरान किसानों की तुलाई में अंतर पाए जाने पर मौके पर ही संबंधित व्यापारी से किसानों को कम वजन का भुगतान दिलाया गया।

एसडीएम अनुपम शर्मा ने बताया कि भूपेंद्र सिंह, व्यापारी फर्म संतरत्न ऑयलमिल द्वारा पोहरी मंडी में खरीदी की जा रही थी। पहले ही दिन इस फर्म द्वारा 17 किसानों के साथ अनुबंध किया गया था, जिनमें से 3 किसानों की तुलाई हो पाई थी। इसी दौरान किसानों ने तौल कांटे में गड़बड़ी की शिकायत की। जांच में प्रति बोरी करीब 2 से ढाई किलो तक का अंतर पाया गया।

एसडीएम के निर्देश पर मंडी कर्मचारियों ने व्यापारी का कांटा जब्त कर लिया है और कट्टों का वजन भी दोबारा नापकर सैंपल के रूप में जब्त किया गया है। जिन तीन किसानों की तुलाई में कमी पाई गई थी, उन्हें मौके पर ही व्यापारी से पूरा भुगतान दिलाया गया।

एसडीएम ने मंडी प्रांगण प्रभारी को प्रतिदिन कांटों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभारी राकेश जाटव को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने तथा लाखन सिंह जाटव को भी नोटिस देने की बात कही गई है। किसानों के साथ हुई इस कथित ठगी के मामले में मंडी सचिव को व्यापारी के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!