Press "Enter" to skip to content

खेत विवाद में युवक की हत्या: सिरसौद पुलिस ने 24 घंटे में 6 आरोपी गिरफ्तार कर भेजे जेल / Shivpuri News

शिवपुरी। सिरसौद थाना क्षेत्र में खेत की मिट्टी को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार 3 मार्च 2026 को ग्राम मानक बसई में ट्रैक्टर से प्लाऊ करते समय मिट्टी दूसरे के खेत में चले जाने को लेकर विवाद हो गया। इसी विवाद में ग्राम कुंवरपुर निवासी अभिषेक रावत पर आरोपियों ने लोहे की सरिया से जानलेवा हमला कर दिया और बाद में ट्रैक्टर चढ़ाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना में अन्य लोग भी घायल हुए थे।

मामले में ब्रजेश रावत निवासी मानक बसई की रिपोर्ट पर थाना सिरसौद में अपराध क्रमांक 54/2026 धारा 103(1), 109(1), 115(2), 296(b), 3(5) बीएनएस के तहत बीपी सिंह जाटव, रामसिंह जाटव, अनिल जाटव, नरेंद्र जाटव, करण उर्फ पप्पू जाटव और काशीराम जाटव निवासी ग्राम भरका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने थाना प्रभारी सिरसौद उपनिरीक्षक मुकेश दुबौलिया को टीम बनाकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 मार्च 2026 को खोरघार भरका तिराहा और जामखो-भरका मार्ग से सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आयशर ट्रैक्टर, लोहे का सरिया और लाठियां भी जब्त की हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!