शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग अंर्तगत थाना सिरसौद क्षेत्र के ग्राम मानकबसई में खेत की मेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पहले लाठियों और लोहे के सरिए से मारपीट की गई, फिर ट्रैक्टर चढ़ाकर एक युवक की जान ले ली गई। घटना में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बृजेश रावत (28) पुत्र मोहर सिंह रावत निवासी ग्राम मानकबसई ने अपने चाचा वासुदेव रावत के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। बृजेश के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे वह अपने किरार वाले खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान पड़ोसी गांव भरका निवासी अनिल जाटव और बीपी सिंह जाटव अपने खेत की जुताई आईसर कंपनी के ट्रैक्टर से कर रहे थे। ट्रैक्टर बीपी सिंह चला रहा था और चांट प्लाऊ से जुताई के दौरान मिट्टी उसके खेत में आ रही थी, जिससे गेहूं की फसल को नुकसान हो रहा था।
बृजेश ने जब ट्रैक्टर चलाने के तरीके पर आपत्ति जताई तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद बीपी सिंह ने अपने पिता रामसिंह जाटव को फोन पर सूचना दी। कुछ ही देर में रामसिंह जाटव, नरेंद्र सिंह जाटव, पप्पू उर्फ करण जाटव और काशीराम जाटव लाठियां लेकर मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि सभी ने मिलकर बृजेश और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। हल्ला सुनकर बृजेश का बुआ का बेटा अभिषेक रावत, चाचा वासुदेव रावत, भाई रतन सिंह रावत और चाचा का बेटा अरविंद रावत मौके पर पहुंचे। तभी बीपी सिंह ने अभिषेक के सिर पर लोहे के सरिए से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। नरेंद्र जाटव ने लाठी से अभिषेक की पीठ पर हमला किया।
जब परिवार के लोग बचाने पहुंचे तो रतन सिंह और वासुदेव रावत के साथ भी लाठियों से मारपीट की गई। इसके बाद आरोप है कि बीपी सिंह ट्रैक्टर लेकर आया और जान से मारने की नीयत से अभिषेक, रतन और बृजेश पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर का पहिया अभिषेक की छाती के ऊपर से निकल गया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
परिजन गंभीर रूप से घायल अभिषेक और रतन को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शिवपुरी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।








Be First to Comment