शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमोला थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार से 24 पेटी अवैध देशी शराब जब्त करते हुए करीब 6 लाख 97 हजार 500 रुपये का माल बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा व स्मैक के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में अमोला पुलिस ने कार्रवाई की।
थाना प्रभारी अंशुल गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की कार में अवैध शराब भरकर लाई जा रही है। सूचना पर अमोला पुलिस ने झांसी–शिवपुरी हाईवे पर वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिये की स्विफ्ट डिजायर (MP09WB7254) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 24 पेटी देशी प्लेन शराब (216 बल्क लीटर) बरामद हुई, जिसकी कीमत 97 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब और वाहन समेत कुल 6 लाख 97 हजार 500 रुपये का माल जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशुल गुप्ता सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।







Be First to Comment