शिवपुरी: जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के पडोरा गांव में मायके में रह रही एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर महिला के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान 37 वर्षीय कामताबाई आदिवासी के रूप में हुई है। उनकी शादी करीब 15 वर्ष पहले ग्राम लोटन निवासी जसरथ आदिवासी से हुई थी। कामताबाई अपने पति के बाहर काम करने के कारण अधिकांश समय अपने मायके पडोरा में मां प्रेमाबाई के साथ रहती थीं।
यह घटना 26 फरवरी की रात की बताई जा रही है। कामताबाई की मां प्रेमाबाई गुरुवार शाम 6 बजे अपने भतीजे के लड़के के मंडप कार्यक्रम में शामिल होने गांव में ही गई थीं। रात करीब 11 बजे जब वह घर लौटीं, तो उन्होंने अपनी बेटी को खटिया पर खून से लथपथ पाया।
कामताबाई के सिर, माथे, नाक और आंख के पास गहरे घाव थे। प्रेमाबाई के शोर मचाने पर परिजन इकट्ठा हुए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची मायापुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बाद में धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में घर से चोरी या लूटपाट की कोई बात सामने नहीं आई है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश सहित अन्य संभावित पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।







Be First to Comment