सावधानी ही है कोरोना का बचाव : डॉ. ऋषीश्वर
बदरवास। बदरवास कोरोना महामारी को हराने को लेकर दिनरात काम कर रहे मेडिकल स्टाफ का बदरवास मित्र मंडल द्वारा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर की मौजूदगी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सम्मान कार्यक्रम रखा गया जिसमें सदस्यों ने डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मियों और अस्पताल स्टाफ का माला और शॉल से सम्मान किया।
सम्मान कार्यक्रम में बदरवास मित्र मंडल के सदस्यों ने बताया कि कोरोना महामारी में मित्र मंडल लॉकडाउन लगने के बाद से ही जरूरतमंद लोगों को भोजन सामग्री उपलब्ध कराने सहित अन्य जागरूकता कार्यक्रम में लगा हुआ है। कोराना वायरस के खिलाफ जंग में हमारे डॉक्टर्स और स्वास्थ्य अमले का बहुत बड़ा योगदान है। उनके जज्बे, समर्पण के कारण ही हम सुरक्षित रह पा रहे हैं इसलिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। डॉक्टर हैं तभी हम हैं। उनकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। हम तो अपने घरों में सुरक्षित हैं, परंतु डाक्टर और मेडिकल स्टाफ दिन-रात सिर्फ औऱ सिर्फ हमारे लिए अपनी जान की परवाह किए बिना सेवा में लगे हुए हैं। कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार समुद्र मंथन से विष और अमृत दोनों ही निकले थे उसी प्रकार कोरोनामंथन से कोरोना महामारी रुपी विष और बदरवास मित्र मंडल के रूप में अमृत निकला है जो पीड़ित लोगों की सेवा में लगा हुआ है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को कोरोना से बचाव और सावधानियों से अवगत कराया।
बदरवास मित्र मंडल के सदस्यों ने उपस्थित सभी डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मियों और अस्पताल स्टाफ को माला और शॉल भेंटकर उनका तालियां बजा कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर, बीएमओ डॉ. एचवी शर्मा, डॉ. मोनिका शाक्य, डॉ. गौतम सहित सभी चिकित्सकीय स्टाफ मौजूद था।




