शिवपुरी: जिले के पोहरी में शुक्रवार सुबह सनसनीखेज घटना सामने आई। 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी पिता जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। फरारी के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को पोहरी थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता बादाम सिंह के खिलाफ पास्को एक्ट एवं दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि 20 फरवरी की रात वह अपनी दादी के साथ सो रही थी। तभी आरोपी पिता जबरन उसे कमरे में ले गया। दादी द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें धक्का दे दिया। परिजनों के पहुंचने तक वह वारदात को अंजाम दे चुका था। पीड़िता के अनुसार आरोपी पूर्व में भी उसके साथ दुष्कर्म कर चुका था।
घटना के बाद परिजन रात में ही नाबालिग को लेकर थाने पहुंचे, जहां मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
शुक्रवार सुबह आरोपी ने जेल की दीवार फांदकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली। जेल प्रबंधन ने इस संबंध में पोहरी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है और आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है।







Be First to Comment