Press "Enter" to skip to content

बीट गार्ड के निलंबन के बाद भी नहीं रुकी कटाई, शिकायत बेअसर, करैरा रेंज में सक्रिय लकड़ी माफिया काट रहा जंगल / Shivpuri News

शिवपुरी: करैरा रेंज की सब रेंज खोड़ के अंतर्गत आने वाली वीरा और बेरघाट बीट में लगातार पेड़ों की अवैध कटाई हो रही है। लकड़ी माफिया जंगल के अलग-अलग हिस्सों से पेड़ काटकर हरियाली को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वन विभाग का मैदानी स्टाफ अक्सर नदारद रहता है, जिसका फायदा माफिया उठा रहा है। पेड़ों की कटाई से जंगल धीरे-धीरे उजड़ रहा है और पर्यावरण को भी भारी नुकसान हो रहा है।
जानकारी के अनुसार इन दोनों बीट में पहले ही काफी जंगल कट चुका है। कुछ समय पहले अवैध कटाई सामने आने पर जांच हुई और बीट गार्ड कौशल शर्मा को निलंबित किया गया। पेड़ों की गिनती हुई। लेकिन इसका असर ज्यादा दिन नहीं रहा। करीब एक महीने बाद फिर से शुरू हो गई। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी वन विभाग अवैध कटाई रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। बाहर से जंगल हरा-भरा दिखता है, लेकिन अंदर से वह पूरी तरह खोखला होता जा रहा है।

बेरघाट और वीरा बीट से लगी आसपास की बीटों में भी पेड़ों की अवैध कटाई जारी है। बसई बीट में जंगल उजाड़कर अवैध खेती की जा रही है। वीरा से सटी करमई बीट में भी पेड़ कट रहे हैं। केनवाया में अवैध फर्शी है। चौकी होने के बावजूद कर्मचारी वहां नहीं रुकते हैं। पत्थर उत्खनन हो रहा है, जहां माफिया फायरिंग कर स्टाफ को डरा चुका हैं.

वीरा, बेरघाट बीट में पेड़ों की अवैध कटाई पर हम पिछले महीने कार्रवाई कर चुके हैं। पेड़ कटने की सूचना नहीं मिली है। यदि पेड़ फिर काटे जा रहे हैं तो जांच कराएंगे।

सुधांशु यादव, डीएफओ, सामान्य वन मंडल शिवपुरी

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!