शिवपुरी: जिले में एनएच-46 स्थित होटल बागवान के पास रविवार सुबह बारातियों से भरी एक लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार करीब 9–10 लोग घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार बामौरकला थाना क्षेत्र के काली पहाड़ी गांव निवासी भगवान सिंह कोली अपने बेटे प्रमोद की शादी के लिए बारात लेकर खेरौना गांव गए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद रविवार सुबह दहेज का सामान लोडिंग वाहन में भरकर अपने गांव लौट रहे थे।
बताया गया है कि वाहन में करीब 9 लोग सवार थे। सुबह लगभग 8 बजे एनएच-46 पर होटल बागवान के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में वाहन में रखा दहेज का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों में भगवान सिंह कोली (दूल्हे के पिता), मूलचंद्र कोली (चाचा), मालम कोली (चाचा), राजू कोली निवासी झीला, जिला अशोकनगर (लड़के के भाई के ससुर) और शंकर कोली निवासी तुमेन, जिला अशोकनगर (फूफा) शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों का आरोप है कि चालक किशन अहिरवार शराब के नशे में वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।







Be First to Comment