Press "Enter" to skip to content

ट्रक की टक्कर से घायल गौ माता, दिनारा पुलिस व गौ सेवकों की तत्परता से बची जान / Shivpuri News

शिवपुरी: दिनारा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक की टक्कर से गौ माता गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में गौ माता के आगे के पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गौ सेवक कल्लू महाराज ने तुरंत थाना प्रभारी दिनारा को फोन के माध्यम से जानकारी दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक शुरू में विवाद की स्थिति बना रहा था, लेकिन थाना प्रभारी की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। थाना प्रभारी ने मानवता का परिचय देते हुए कहा कि “गौ माता हम सभी की जिम्मेदारी हैं, इनके उपचार और देखभाल में सभी को आगे आना चाहिए।” इसके बाद ट्रक चालक से घायल गौ माता के इलाज का खर्च उठाने को कहा गया।
तत्काल उपचार और सहयोग
घायल गौ माता को तुरंत गौ सेवक कल्लू महाराज अपनी निजी गौशाला लेकर पहुंचे, जहां पशु विभाग के डॉक्टर डॉ. अरविंद जाटव एवं डॉ. उत्तम जाटव ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने गौ माता के पैर में प्लास्टर बांधते हुए बताया कि लगभग एक महीने तक इलाज चलेगा और करीब ₹10,000 तक का खर्च आएगा।
बताया गया कि ट्रक चालक द्वारा ₹4,000 की सहायता दी गई है, जबकि शेष राशि गौ सेवक स्वयं वहन करेंगे। कल्लू महाराज ने कहा कि “हमारे लिए पैसे से ज्यादा गौ माता का जीवन महत्वपूर्ण है। जरूरत पड़ी तो हम अपनी जेब से और खर्च करेंगे, लेकिन सेवा में कोई कमी नहीं आने देंगे।”
गौ सेवा के प्रति समर्पण
कल्लू महाराज ने बताया कि अक्सर कई वाहन चालक टक्कर मारकर भाग जाते हैं, लेकिन वे और उनकी टीम हर बार घायल गौ माता को उठाकर अपनी गौशाला में लाते हैं और उनका उपचार कराते हैं। उन्होंने कहा कि “जब तक जीवन है, तब तक गौ सेवा जारी रहेगी, चाहे कितनी भी कठिनाई क्यों न आए।”
जनता ने की सराहना
इस पूरे घटनाक्रम में दिनारा थाना प्रभारी की तत्परता और संवेदनशीलता की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे जिम्मेदार और सेवा भाव रखने वाले अधिकारी हर थाने में होने चाहिए। गौ सेवा समिति के सदस्यों—हरेंद्र सिंह गौतम, जितेंद्र योगी, दीपक लोधी, दीपक तिवारी, दीपक केवट, हरिओम चतुर्वेदी सहित सभी ने थाना प्रभारी का आभार व्यक्त किया।
गौर तलब है कि दिनारा क्षेत्र में गौ सेवक लगातार 24 घंटे सेवा कार्य में लगे हुए हैं और घायल पशुओं के उपचार व संरक्षण में अहम भूमिका निभा रहे हैं.

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!