Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, जीआरपी जवान की सूझबूझ से महिला की जान बची / Shivpuri News

शिवपुरी: रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। भोपाल जाने के लिए शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर पहुंची एक महिला चलती ट्रेन में चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने से प्लेटफॉर्म और डिब्बे के बीच रेलवे ट्रैक पर गिर गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद जीआरपी जवान ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तुरंत बाहर निकाल लिया। इसी दौरान ट्रेन को भी रोक दिया गया, जिससे महिला की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार पुरानी शिवपुरी निवासी विजयलता मिश्रा अपने पति श्याम मिश्रा के साथ ग्वालियर–भोपाल इंटरसिटी ट्रेन से भोपाल जाने आई थीं। सुबह करीब साढ़े 8 बजे ट्रेन स्टेशन पर पहुंची। इसी दौरान विजयलता मिश्रा जब डिब्बे में चढ़ने का प्रयास कर रही थीं, तभी ट्रेन धीमी गति से चल पड़ी। संतुलन बिगड़ने से वह प्लेटफॉर्म और डिब्बे के बीच ट्रैक पर गिर गईं।

घटना के वक्त ड्यूटी पर मौजूद जीआरपी आरक्षक ललित कुमार तुरंत हरकत में आए और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं ट्रेन में सवार शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र निवासी जाकिर ने चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इसके बाद ट्रेन भोपाल की ओर रवाना हुई।

इस संबंध में देवेन्द्र कुमार, निरीक्षक जीआरपी थाना शिवपुरी ने बताया कि महिला ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया था, जिससे हादसा हुआ। समय पर आरक्षक ललित कुमार की सतर्कता से महिला की जान बच गई। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि चलती ट्रेन में चढ़ने का जोखिम न लें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!