शिवपुरी: जिले के बदरवास में एक गल्ला व्यापारी के साथ हनीट्रैप, मारपीट और जबरन वसूली का मामला सामने आया है। पीड़ित आदित्य जैन (26) ने देहात थाने में एक युवती और उसके पांच साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट कर और धमकाकर ऑनलाइन माध्यम से एक लाख रुपए से अधिक की रकम ठगी।
पीड़ित आदित्य जैन के अनुसार, 26 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक युवती का फोन आया, जिसने अपना नाम अंजलि बताया और दोस्ती करने की बात कही। बातचीत बढ़ने के बाद 31 जनवरी को युवती ने आदित्य को बड़ौदी पानी की टंकी के पास मिलने बुलाया। आदित्य अपने ड्राइवर विनोद राठौर के साथ कार से वहां पहुंचे।
युवती कार में बैठकर आदित्य के साथ माधव चौक होते हुए भैया होटल गई। इसके बाद, अकेले में बात करने का बहाना बनाकर वह उन्हें बड़ौदी से आगे बड़ागांव रोड की ओर ले गई। शाम करीब छह बजे वहां पहले से मौजूद पांच युवक एक कार से पहुंचे।
ऑआरोपियों ने आदित्य और उनके ड्राइवर के साथ मारपीट की। इसके बाद युवती को दूसरी कार में बैठाया गया और आदित्य को धमकाकर एक झूठा वीडियो बनाया गया। इस वीडियो में आदित्य से जबरन यह कहलवाया गया कि उसने युवती के साथ गलत काम किया है। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने और झूठे बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपए की मांग की।
डर के कारण पीड़ित आदित्य ने अपने परिचितों से पैसे जुटाकर फोन-पे के माध्यम से 80 हजार, 20 हजार और 5,640 रुपए अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर ट्रांसफर किए। इतनी रकम लेने के बावजूद आरोपियों ने और पैसे मांगे और धमकी देना जारी रखा। अंत में, आरोपी आदित्य और उनके ड्राइवर को झांसी फोरलेन पर छोड़कर फरार हो गए।
थाना प्रभारी जितेंद्र मावई ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात युवती और युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।







Be First to Comment