शिवपुरी।पिछोर से भाजपा प्रत्याशी रहे प्रीतमलोधी शुक्रवार को शिवपुरी आए और भाजपा नेताओं के साथ एएसपी गजेन्द्र सिंह
कंवर से मुलाकात की। ज्ञापन देकर कहा कि पिछोर इलाके में चुनाव के बाद से
भाजपा नेताओं पर लगातार फर्जी केस दर्ज किए जा रहे हैं। खुद उन पर भी फर्जी
केस दर्ज कर दिया गया है। दो दिन पहले भी एक केस दर्ज हुआ है। वे सोमवार
से भूख हड़ताल पर बैठेंगे और यह हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब तक दर्ज किए गए
सभी केस वापस नहीं लिए जाएंगे। उन्होंने कांग्रेस विधायक केपी सिंह पर सीधा
हमला करते हुए कहा कि उनके इशारे पर चुनाव खत्म होने के साथ ही पुलिस ने
सैकडों लोगों पर केस दर्ज करना शुरू कर दिए हैं और केस दर्ज करने के साथ
पुलिस ने वसूली भी शुरू कर दी है। खनियांधाना और पिछोर इलाके में लोगों को
यह कहकर डराया जा रहा है कि प्रीतम जैसे बड़े लोगों पर केस दर्ज हो गए, तुम
तो छोटे से कार्यकर्ता हो। अब तुम्हारी खैर नहीं। यही धमकी देकर लोगों से
पैसे ऐंठे जा रहे हैं। केपी सिंह के प्रखर विरोधी प्रीतम लोधी ने आरोप
लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं का पिछोर इलाके में रहना मुश्किल हो रहा है,
वे डरे हुए हैं। यदि ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो पलायन भी हो सकता है।
प्रीतम ने ज्ञापन की एक प्रति एडीएम अशोक चौहान को भी दी। कांग्रेस ने जैसे
ही चुनाव जीता उसी के साथ पिछोर इलाके में कुछ लोगों पर केस दर्ज हुए।
आवाज उठी कि राजनैतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते यह केस कांग्रेस विधायक दर्ज
करा रहे हैं। इस मामले में जब बामौरकलां के एक व्यक्ति के विरुद्ध आबकारी
एक्ट का केस दर्ज हुआ तो मामला तूल पकड़ गया और भोपाल में पूर्व सीएम शिवराज
सिंह को बयान जारी करना पड़ा। उन्होंने सीएम कमलनाथ से इस बारे में बात की
और साफ कहा था कि वे चुप नहीं बैठेंगे और आवश्यकता हुई तो पिछोर में आंदोलन
करेंगे। इस प्रसंग का नतीजा यह हुआ कि मंत्रिमंडल के विस्तार में सबसे आगे
चल रहा केपी सिंह का नाम पिछड़ गया।






Be First to Comment