सुरक्षा की दृष्टि से सभी निजी स्कूलों में 6 सितम्बर को अवकाश घोषित

शिवपुरी। एसएसी-एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध के चलते बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी निजी स्कूल संचालकों ने 6 सितम्बर को सामूहिक रूप से अवकाश घोषित किया है। 
स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने बताया कि 6 सितम्बर को सभी निजी स्कूलों में अवकाश रहेगा, साथ ही 6 सितम्बर से निजी स्कूल संचालकोंं की हड़ताल भी प्रारंभ हो जाएगी, क्योंकि शासन ने स्कूल संचालकों की समस्याओं के निराकरण की ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। 
यहां बता दें कि एमपी बोर्ड से मान्यता प्राप्त निजी स्कूल संचालकों द्वारा विगत एक वर्ष से शासन से अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग की जा रही है, लेकिन शासन द्वारा स्कूल संचालकों की मांगों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है। विगत 28 अगस्त को भी स्कूल संचालकों द्वारा स्कूल एसोसिएशन के बैनर तले ज्ञापन देकर समस्याओं के निराकरण की मांग की थी, साथ ही अल्टीमेटम भी दिया था कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो वह 6 सितम्बर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।