शिवपुरी। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा 1 एवं 2 मार्च से प्रारंभ हो रही हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी की वार्षिक परीक्षाओं की जिले में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। उक्त परीक्षाएं 61 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीव्ही कैमरे द्वारा परीक्षाओं पर निगरानी रखी जाएगी। कलेक्टर अनुग्रहा पी ने आज कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक में दी।
जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर अशोक कुमार चौहान, जिला पंचायत के सीईओ राजेश जैन, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी एसआर सिंडोस्कर सहित जिले के सभी एसडीएम आदि उपस्थित थे। कलेक्टर अनुग्रहा पी ने बताया कि जिले में एक एवं दो मार्च को आयोजित होने वाले हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी वार्षिक बोर्ड की परीक्षाएं 61 केंद्रों पर संचालित होंगी। परीक्षा केंद्रों पर असामाजिक तत्व पर निगरानी रखने के लिए सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जाएगें। 22 संवेदनशील एवं अति संवदेनशील केंद्रों के लिए विशेष पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए है। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पेयजल फर्नीचर प्रकाश, बाउण्ड्री बॉल आदि की समुचित व्यवस्था करने की भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी 2019 की परीक्षाओं में कुल 40 हजार परीक्षार्थी भाग लेंगे। जिसमें हाईस्कूल की परीक्षा में 25 हजार और हायर सेकेण्डरी की परीक्षा में 15 हजार परीक्षार्थी शामिल है।






Be First to Comment