
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने किया था लोकार्पण
शिवपुरी। पोहरी क्षेत्र के छर्च क्षेत्र में अपने लोकार्पण के केवल 3 महीने बाद ही एक बड़ा पुल पानी के तेज बहाव में बह गया। केंद्रीय मंत्री ने तीन महीने पहले ही करोड़ों की लागत से बने इस पुल का लोकर्पण किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पोहरी तहसील अंतर्गत छर्च क्षेत्र के इंदुर्खी में कूनो नदी पर 778 लाख की लागत से बना पुल अपनी पहली ही बारिश में बह गया। केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने 29 मई 2018 को खरवाया इंदुर्खी पुल का लोकार्पण किया था। लोकार्पण को अभी 3 महीने ही हुए हैं और क्षेत्र में हुई पहली तेज बारिश में ही पुल का बड़ा हिस्सा बह गया। खास बात ये है कि पुल का बीच का हिस्सा पानी में बह गया जिससे दोनों छोर का संपर्क एक दूसरे से टूट गया।
इस पुल के घटिया निर्माण को लेकर पोहरी के विधायक प्रहलाद भारती कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके थे लेकिन उनकी बातों पर गौर नहीं किया गया। उन्होंने बाद में विधानसभा में भी इस पुल के घटिया निर्माण को लेकर प्रश्न उठाया। उसके बाद भी अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया निर्माण चलता रहा। आज हुई तेज बारिश में करोड़ों की लागत से बना पुल बह गया।






Be First to Comment