Press "Enter" to skip to content

महाकाल की सवारी में लहराया तिरंगा, यहां भी दिखा धारा 370 हटने का असर ! Ujjain News

महाकाल की सवारी में लहराया तिरंगा, यहां भी दिखा धारा 370 हटने का असर
उज्जैन। राज्य सभा में देश के गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाए जाने की घोषणा की वैसे ही हर ओर खुशी की लहर छा गई। लोग अपनी प्रसन्नता को बयां करने के लिए सड़कों पर निकल आए और देशप्रेम से भरे नारे लगाने लगे। देशप्रेम का ऐसा असर उज्जैन में भी देखने रहा। यहां सोमवार को श्रावण मास में निकाली जाने वाली बाबा महाकालेश्वर की तीसरी सवारी में लोग अपने आप को रोक नहीं सके और श्री महाकालेश्वर सवारी मार्ग पर राष्ट्र ध्वज लेकर दौड़ पड़े।
इस दौरान बैड के माध्यम से देशभक्ति के तराने गूंजने लगे। कुछ देर के लिए भक्तिमय वातावरण देशप्रेम के माहौल में बदल गया। कुछ लोगों ने सड़कों पर बाबा महाकाल और भारतमाता की जय के जयकारे भी लगाए। शाम 4 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर से राजाधिराज श्री महाकालेश्वर को चांदी की पालकी में विराजित कर, सवारी निकाली गई।

गौरतलब है कि भगवान महाकाल श्रावण-भाद्रपद मास में अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए निकलते हैं। बाबा महाकाल की पालकी सवारी के स्वरुप में शिप्रातट के लिए रवाना हुई। इस दौरान सशस्त्र पुलिस जवान, अश्वारोही दल, बैंड प्रमुखतौर पर शामिल रहे।
सवारी मार्ग पर हर ओर कड़ाबीन के धमाके भी गूंजे साथ ही चौबदार महाकाल भगवान के आने की सूचना देते हुए शामिल रहे। सवारी में श्री महाकाल तीन रुपों में भक्तों को दर्शन दे रहे थे। जिसमें पालकी में चंद्रमौलेश्वर, हाथी पर मनमहेश और गरुड पर शिवतांडव स्वरुप प्रमुख था। सवारी मार्ग में श्रद्धालु झूमते हुए शामिल हुए।

शेषनाग के दर्शन होंगे
महाकाल मंदिर में श्रावण सोमवार के संयोग में आई नागपंचमी पर भक्तों को फूलों से बने शेषनाग के दर्शन होंगे। इंदौर के कलाकारों ने थाइलैंड से मंगवाए गए फूलों से नंदी हॉल में शेषनाग की अद्भुत आकृति का निर्माण किया है। पुजारी प्रदीप गुरु की प्रेरणा से इंदौर के उद्योगपति हेमंत नेमा द्वारा महाकाल के दरबार में आकर्षक पुष्प सज्जा कराई है। इंदौर के पुष्प डेकोरेटर किशोर वर्मा ने 20 साथी कलाकारों के साथ मंदिर में मोगरा, गुलाब, गेंदा से मनमोहक सज्जा की है।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!