शिवपुरी।जिले में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है, जिसे लेकर खिलाड़ियों सहित शहर के खेलप्रेमी लोग उत्साहित हैं। स्कूल शिक्षा विभाग के तहत 64वीं राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी पहली बार शिवपुरी को मिली है। यह प्रतियोगिता 2 जनवरी से 6 जनवरी तक आयोजित होनी है, जिसे लेकर शिक्षा विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। शुक्रवार को उत्कृष्ट विद्यालय में डिप्टी कलेक्टर व जिला शिक्षा अधिकारी आरबी शिंडोस्कर व क्रीड़ा अधिकारी महेंद्र तोमर ने प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग के 100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को दायित्व सौंपे और विभिन्न समितियों का गठन कर कार्य निर्धारण किया। डीईओ ने कहा कि ये शिवपुरी के लिए सौभाग्य का विषय है कि इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी हमें प्राप्त हुई है। इसलिए यह हमारा दायित्व है कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले देशभर के 27 राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट यहां से सुखद अनुभव लेकर वापस जाएं। बैठक के दौरान विभिन्ना प्राचार्यों सहित खेल शिक्षक व अन्य शिक्षक मौजूद थे।






Be First to Comment