शिवपुरी। शिवपुरी जिले में खरीदी केंद्रों पर धीमी तौल से जिले के किसान परेशान बने हुए हैं। खरीदी की अंतिम तारीख 19 जनवरी है। लेकिन अभी तक 40 प्रतिशत फसल की है खरीदी हो पाई है। खरीदी केंद्रों की धीमी चाल पर चिंता व्यक्त करते हुए कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश जैन आमोल ने खाद्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर को पत्र लिखकर इस संबंध में तत्काल उचित कार्रवाई करने की मांग की है। ताकि किसानों को अपनी फसल का विक्रय करने के लिए अधिक इंतजार न करना पड़े।
जानकारी के अनुसार खरीदी केंद्र पर धीमी तौल से किसान गुस्साएं हुए हैं और कल उन्होंने पिपरसमा रोड़ पर चक्काजाम भी किया था। किसानों का कहना है कि जब सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया आए थे तो एक दिन में 18 ट्रोली तोल दी गई थी। लेकिन उनके जाते ही खरीदी केंद्र के अधिकारी दो से तीन ट्रॉली ही तोल रहे हैं। जिससे किसानों को अपनी फसलों को सोसायटियों पर तौलवाने के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। लेकिन सहकारी विभाग और खाद्य विभाग का रवैया उदासीन बना हुआ है। कांग्रेस नेता राकेश जैन आमोल का आरोप है कि खाद्य विभाग के द्वारा जानबूझकर प्रदेश शासन की नीतियों के विरूद्ध काम किया जा रहा है।





Be First to Comment