शिवपुरी: जिले के पोहरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता और मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में विजयवर्गीय का पुतला फूंका।
कैलाश विजयवर्गीय ने खंडवा में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था: कि “हमारी बुआ की शादी जहां हुई थी, मेरे पिता वहां पानी भी नहीं पीते थे। लेकिन आज के हमारे नेता प्रतिपक्ष ऐसे हैं जो बीच चौराहे पर अपनी जवान बहन को चुंबन कर लेते हैं।”
इस बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अफाक अंसारी ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर अशोभनीय टिप्पणी कर भाई-बहन के रिश्ते को बदनाम और कलंकित करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा के नेता रेप, दुष्कर्म और अमानवीय कृत्य जैसे अपराध कर रहे हैं, लेकिन भाजपा नेतृत्व आंखों पर पट्टी बांधे बैठा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव को चाहिए कि वह कैलाश विजयवर्गीय को न केवल मंत्री पद से हटाएं, बल्कि पार्टी से भी बाहर करें। कांग्रेस राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पड़ने पर उग्र आंदोलन को मजबूर होगी।
विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए विजयवर्गीय के खिलाफ अपना गुस्सा जताया। हालांकि इस दौरान पोहरी पुलिस ने पुतला दहन होने से रोकने का प्रयास किया।







Be First to Comment