शिवपुरी: शहर के टीवी टॉवर रोड स्थित पटेल नगर में शुक्रवार सुबह बिजली की डीप में अचानक तेज धमाके के साथ आग लग गई। सुबह करीब 9 बजे हुए इस हादसे में डीपी धू-धू कर जलने लगी, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई बाधित हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डीपी से लगातार धमाके जैसी आवाजें आईं और फिर उसमें से तेज लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने घबराकर तुरंत बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में बिजली विभाग की टीम और फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची।
आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या अत्यधिक लोड को इसकी वजह माना जा रहा है। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जली हुई डीपी को बदलने का काम शुरू कर दिया गया है।
घटना के बाद से पटेल नगर और आसपास के इलाकों में बिजली पूरी तरह बंद है। गर्म और उमस भरे मौसम में बिना बिजली के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग का कहना है कि जल्द से जल्द सप्लाई बहाल करने की कोशिश की जा रही है।





