,

शिवपुरी में पाइपलाइन ठेकेदार के साथ 98 हजार की लूट, कार का शीशा फोड़कर की लूट / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के भटनावर निवासी और पाइपलाइन ठेकेदारी का कार्य करने वाले कालीचरण गुर्जर के साथ लूट की गंभीर वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर  की रात लगभग 8 बजे, जब वे ग्राम चौऊंआ से ग्वालियर अपने निवास लौट रहे थे, तभी रास्ते में ग्राम ककरोटा के पास बाइक सवार 10-12 अज्ञात लोगों ने उनकी कार को घेर लिया और मारपीट करते हुए 98,000 की नगदी लूट ली।

कार का शीशा फोड़कर की लूट

कालीचरण गुर्जर के अनुसार, हमलावरों ने उनकी कार का शीशा फोड़ डाला और कार की डिग्गी में रखे 98,000 नगद निकाल लिए। इस दौरान उनके साथ मौजूद उदयवीर और रामराज बघेल के साथ भी मारपीट की गई।

थाने में नहीं दर्ज हुई रिपोर्ट

पीड़ित कालीचरण गुर्जर जब अपने साथियों के साथ थाना पिछोर पहुंचे, तो उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उनका आरोप है कि पुलिस ने उन्हें रात 9 बजे से रात 1 बजे तक थाने में बैठाए रखा और केवल आश्वासन देती रही कि रिपोर्ट दर्ज करेंगे। आखिर में कहा गया कि सुबह आना रिपोर्ट सुबह दर्ज करेंगे।

प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

प्रार्थी ने अब पुलिस अधीक्षक  शिवपुरी से मामले की निष्पक्ष जांच और लूट की रकम वापस दिलवाने की मांग की है।