Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में पानी से बचने तिरपाल बांधकर अंतिम संस्कार: बारिश में अंतिम संस्कार करने में आती है परेशानी / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले की खनियाधाना जनपद के पहाड़ा खुर्द गांव से लाचारी की तस्वीरें सामने आई हैं। शनिवार को हुई एक मौत के बाद बारिश में ग्रामीणों को अंतिम संस्कार की प्रक्रिया तिरपाल के नीचे पूरी करनी पड़ी। गांव के मुक्तिधाम की बदहाल व्यवस्था और पंचायत की लापरवाही ने लोगों को मजबूरी में इस हालात से गुजरने पर विवश कर दिया।

जानकारी के अनुसार पहाड़ा खुर्द गांव निवासी ओमकारलाल लोधी (75) का सुबह करीब 7 बजे निधन हो गया था। लेकिन गांव में शुक्रवार शाम से लगातार बारिश हो रही थी और मुक्तिधाम पर बना टीनशेड जर्जर हालत में है। ऐसे में ग्रामीण शव को बारिश में मुक्तिधाम नहीं ले जा सके।

करीब तीन घंटे तक बारिश थमने का इंतजार किया गया, लेकिन जब मौसम में सुधार नहीं हुआ तो मजबूरी में तिरपाल का इंतजाम कर अंतिम यात्रा निकाली गई और बरसते पानी के बीच तिरपाल के नीचे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ा खुर्द पंचायत में आने वाले तीन गांव पहाड़ा खुर्द, पहाड़ा कला और मेनबाड़ा गांव में सालों पहले मुक्तिधाम पर टीनशेड का निर्माण किया गया था, लेकिन समय रहते इनकी मरम्मत नहीं कराई गई। वर्तमान में टीनशेड की हालत इतनी खराब है कि बारिश में वहां खड़ा रहना भी संभव नहीं है।

ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में उन्हें इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। प्रशासन को इसकी जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

जब इस बारे में पंचायत सचिव रामस्वरूप शर्मा से बात की गई तो उन्होंने सरपंच पर जिम्मेदारी डाल दी। कहा कि सरपंच ने टीनशेड की मरम्मत को प्राथमिकता नहीं दी। वहीं, सरपंच अभिनंदन लोधी का कहना है कि बारिश के बाद तीनों गांवों के मुक्तिधाम में मरम्मत कार्य कराया जाएगा।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!